शादी का झांसा देकर मजदूर से की 50 हजार रुपए की ठगी, दंपत्ति सहित तीन पर एफआईआर दर्ज

शादी का झांसा देकर मजदूर से की 50 हजार रुपए की ठगी, दंपत्ति सहित तीन पर एफआईआर दर्ज
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र निवासी एक मजदूर ने दंपत्ति व उसके साथी पर शादी करवाने के नाम पर उससे 50 हजार रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
पिलखुवा के मोहल्ला प्रहलाद नगर निवासी दीपक कोरी ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और काफी समय से उसकी शादी नहीं हो रही थी। इस कारण परिवार के लोग भी परेशान थे। इसी बीच करीब छह महीने पहले परिचित राजकुमार अपनी पत्नी रेखा और साथी पारस के साथ उसके घर पहुंचे।
तीनों ने एक लड़की का फोटो दिखाकर भरोसा दिलाया कि वे उसकी शादी तय करा देंगे। आरोप है कि तीनों ने शादी का पूरा इंतजाम कराने की बात कहते हुए एक लाख रुपये खर्च बताया। परिवार ने भरोसा कर 50 हजार रुपये नगद दे दिए और बाकी 50 हजार रुपये शादी के दिन देने की बात तय हुई। लेकिन शादी नहीं कराई और रुपये भी वापस नहीं किए।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












