शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और धमकी का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई गुहार

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और धमकी का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई गुहार
हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित हर्ष विहार कॉलोनी की एक महिला ने सऊदी में नौकरी करने वाले युवक और उसके परिजनों पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
तहरीर के अनुसार महिला के पति की 2023 में मौत हो गई थी। इसके बाद 2024 में सुल्तानपुर निवासी मौसीन पुत्र जाहिद ने इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती की। मौसीन ने बच्चों की देखभाल और शादी का वादा कर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं।
आरोप है कि 15 जून 2026 को मौसीन सऊदी से आया और सीधे महिला के घर पहुंच गया। वहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और शादी कर साथ सऊदी ले जाने का भरोसा दिया। इसके बाद वह लगातार महिला के घर आने लगा।
11 जुलाई की रात मौसीन अपने दोस्त बिलाल निवासी लुहारी के साथ महिला और उसके दो बच्चों को डासना के एक रेस्टोरेंट ले गया। वापसी पर बिलाल कोल्डड्रिंक लेकर आया। आरोप है कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद महिला बेहोश हो गई और दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
20 जुलाई को महिला को मौसीन की बहन के घर बढ़ का नगला बुलाया गया। वहां मौसीन के परिजनों ने महिला से धर्म परिवर्तन और बच्चों को छोड़ने की शर्त रखी। मना करने पर गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी छत से कूदकर भाग गए।
पीड़िता का आरोप है कि 22 जुलाई को मौसीन ने फोन कर दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 23 जुलाई को सुल्तानपुर में मौसीन की मां और भाभी ने भी इसी तरह धमकाया। उसी दिन एक अज्ञात नंबर से फोन कर मामले से पीछे हटने का दबाव बनाया गया।
महिला ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और अपने व बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। सीओ अनिता चौहान ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।











