लिव इन पार्टनर के घर बुलाकर युवती की हत्या की कोशिश का आरोप, गला दबाया, गहने-नकदी छीने

लिव इन पार्टनर के घर बुलाकर युवती की हत्या की कोशिश का आरोप, गला दबाया, गहने-नकदी छीने
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती ने अपने पार्टनर और उसके परिवार पर घर बुलाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश की गई। गंभीर हालत में युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से युवक के भाई को हिरासत में लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
दिल्ली रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गांव दादरी निवासी एक युवक के साथ लिव इन में रह रही है। सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे युवक के भाई ने फोन कर उसे अपने घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचते ही युवक, उसके भाई, माता-पिता और बहन ने उसका मोबाइल, नकदी व गहने छीन लिए। विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट की और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया।
युवती के अनुसार मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक के भाई ने ही उसे दस्तोई रोड स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल कर्मियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के भाई को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
पीड़िता ने बताया कि युवक काफी समय से उसके साथ लिव इन में रह रहा है और गलत काम कर रहा है। पहले भी वह पुलिस से शिकायत कर चुकी है। उस शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। युवती को आशंका है कि युवक और उसका परिवार उसकी हत्या करना चाहते हैं।
इस संबंध में सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया था। युवती फिलहाल कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती थी। इसके बाद दोनों पक्षों को कोतवाली से भेज दिया गया। पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है।











