राजेंद्र नगर में आवासीय भवन में अवैध अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर का निर्माण, कॉलोनीवासी बोले – अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे

राजेंद्र नगर में आवासीय भवन में अवैध अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर का निर्माण, कॉलोनीवासी बोले – अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।नगर के रेलवे रोड़ स्थित राजेंद्र नगर अमरदीप कॉलोनी के निवासियों ने जिलाधिकारी से एक बार फिर अवैध रूप से चल रहे डायग्नोस्टिक सेंटर और अस्पताल के निर्माण को तत्काल बंद कराने की मांग की है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद एचपीडीए के अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई कर रहे हैं, जमीनी स्तर पर कोई रोक नहीं लगी है।
पहले भी दी थी शिकायत, नहीं हुआ असर
राजेंद्र नगर अमरदीप कॉलोनी जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने 30 जुलाई को जिलाधिकारी को पत्र देकर बताया कि 16 जून 2026 को भी वे सभी लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। तब जिलाधिकारी ने एचपीडीए उपाध्यक्ष को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
समिति अध्यक्ष तरुण बाटला, महामंत्री सचिन जिंदल और कोषाध्यक्ष भुवन जैन के अनुसार वीसी उपाध्यक्ष से मिलने पर उन्होंने भी अधिकारियों को अवैध निर्माण सील करने के आदेश दिए थे। इसके बाद जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
“सीलबंदी के बाद भी चल रहा निर्माण”
कॉलोनीवासियों का कहना है कि अधिकारियों ने पोर्टल पर जवाब में लिखा कि स्वीकृत से अधिक निर्माण को सील कर दिया गया है। लेकिन आख्या में सीलबंदी की कोई फोटो या साक्ष्य नहीं लगाए गए।
आरोप है कि डॉक्टर द्वारा रिहायशी भवन के नक्शे पर साढ़े चार मंजिला अस्पताल का निर्माण आज भी धड़ल्ले से चल रहा है। सीलबंदी के बाद भी उसी तल पर काम होता दिख रहा है।
दूसरी शिकायत अवैध डायग्नोस्टिक सेंटर को लेकर है। अधिकारियों ने जवाब में केवल भवन स्वामी को पत्र भेजने की बात कही, लेकिन सेंटर कब तक बंद होगा इसकी कोई समयसीमा तय नहीं की गई।
50 परिवार परेशान, कड़ी कार्रवाई की मांग
समिति पदाधिकारियों ने पत्र में लिखा कि अधिकारियों का निस्तारण केवल आंखों में धूल झोंकने के लिए है, जिससे उनकी भूमिका भी संदिग्ध लग रही है।
कॉलोनी के 50 परिवार अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर के कारण परेशान हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध निर्माण और सेंटर को तुरंत बंद कराया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।















