मुकदमा वापस न लेने पर ससुराल वालों ने दी चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी

हापुड़। थाना सिम्भावली
क्षेत्र के गांव औरंगाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पुराने उत्पीड़न के मामले में समझौता (फैसला) न करने पर उसे चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी जा रही है। इस खौफनाक धमकी के बाद से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।
शादी के बाद से ही उत्पीड़न का आरोप
गांव औरंगाबाद निवासी पल्लवी ने बताया कि उसकी शादी मेरठ निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसे कम दहेज या अन्य कारणों से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई, जिसके बाद तंग आकर पल्लवी ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में कानूनी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फैसला करने के लिए बनाया जा रहा है दबाव
पल्लवी के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पक्ष लगातार उस पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहा है। जब पीड़िता ने उनकी शर्तों को मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने सारी हदें पार कर दीं।
”आरोपी पक्ष के लोगों ने पल्लवी के पिता को फोन करके सीधे तौर पर धमकी दी है कि अगर इस मामले में जल्द ही फैसला नहीं किया गया, तो वे पल्लवी के चेहरे पर तेजाब डाल देंगे।”











