मस्जिद में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मौलाना हिरासत में

मस्जिद में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मौलाना हिरासत में
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव में मस्जिद में पढ़ने गई 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित पिता ने बताया कि गुरुवार को उसकी बेटी गांव के अन्य बच्चों के साथ मस्जिद में पढ़ने गई थी। मस्जिद में मेरठ के नंगला मल निवासी मौलाना नईम बच्चों को शिक्षा देता है। आरोप है कि पढ़ाई के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया, लेकिन आरोपी ने उसकी बेटी को रोक लिया और कमरे में बंद कर लिया।
इसी दौरान पड़ोस का एक व्यक्ति मस्जिद पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला तो उसने आरोपी को बच्ची के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मौलाना को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











