नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहल्ला चमरी निवासी नितिन के रूप में हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि नगर के एक मोहल्ले की महिला ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी की आरोपी नितिन से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
दिल्ली रोड की सोसाइटी में ले जाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि मार्च माह में नितिन नाबालिग को बहला-फुसलाकर दिल्ली रोड स्थित अपने भाई के साले की सोसाइटी में ले गया। वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बिना बताए अश्लील वीडियो भी बना ली।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो का भय दिखाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करता रहा।
दोस्त के साथ संबंध बनाने का भी बनाया दबाव
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसकी बेटी पर अपने एक दोस्त के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देता रहा। पीड़िता ने जब मामले की जानकारी मां को दी तो परिजनों ने आरोपी से बात कर वीडियो डिलीट करने की गुहार लगाई, लेकिन वह नहीं माना।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसका मोबाइल भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।















