दो बाईकों की टक्कर में लकड़ी व्यापारी की मौत

हापुड़ ।
थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड पर देर रात हुई दो बाईकों की टक्कर में बाइकसवार लकड़ी व्यापारी भीम की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मौहल्ला शिवनगर निवासी नितिन उर्फ भीम (24) लकड़ी का व्यापार करता था। वह अपने दोस्त के साथ रविवार रात बाइक पर सवार होकर मोहल्ले से नवीन मंडी की ओर जा रहे थे। गढ़ रोड स्थित मोहल्ला अनुज विहार के सामने मारुति शोरूम के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इस दौरान नितिन और दूसरे बाइक सवार दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने नितिन उर्फ भीम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर सीओ वरुण मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की।












