देव नंदिनी अस्पताल में लगी आग, आईसीयू खाली कराए दर्जनों मरीज, बड़ा हादसा टला

देव नंदिनी अस्पताल में लगी आग, आईसीयू खाली कराए दर्जनों मरीज, बड़ा हादसा टला
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना/रिशु सिंह)। गढ़ रोड स्थित देव नंदिनी अस्पताल में सोमवार को एसी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग और धुएं के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते स्टाफ, दमकल और पुलिस की तत्परता से आईसीयू समेत सभी वार्ड खाली करा लिए गए और दर्जनों मरीजों की जान बच गई।
दोपहर के समय अस्पताल के एक एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते लपटें और धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। भर्ती मरीज, तीमारदार और स्टाफ घबरा गए। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गईं।
अस्पताल कर्मचारियों और दमकलकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू किया। गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर और गोद में उठाकर सीढ़ियों से नीचे लाया गया। आईसीयू को तुरंत खाली कराया गया। बच्चों के वार्ड में भर्ती 3 बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। अन्य मरीजों को इमरजेंसी और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
एसपी समेत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर उनका इलाज जारी है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।















