विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, दहेज हत्या का आरोप

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, दहेज हत्या का आरोप
हापुड़।
थाना देहात क्षेत्र के प्रहलादनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के भजनपुरा निवासी खुशबू (21 ) की शादी 29 नवंबर 2024 को सिंभावली थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी दिपांशु से हुई थी।
मृतका के भाई विक्रम उर्फ बिट्टू ने बताया कि उन्होंने बहन की शादी पूरे सम्मान और भरपूर
दहेज के साथ की थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति दिपांशु, ससुर, सास और ननद लगातार दहेज में अतिरिक्त सामान और नकद पैसे की मांग करने लगे। जब खुशबू ने विरोध किया, तो उसके साथ शारीरिक और मानसिक हिंसा शुरू हो गई।
उन्होंने बताया कि लगातार विवादों के चलते करीब तीन-चार महीने पहले, दिपांशु उसे गढ़ रोड स्थित प्रहलादनगर के एक किराए के मकान में ले गया था। बताया जा रहा है कि यह मकान दिपांशु के एक मित्र का था।
खुशबू ने घटना के दिन सुबह अपने भाई को फोन कर बताया था कि दिपांशु ने फिर मारपीट की है और दहेज की मांग दोहराई है। वह बेहद घबराई हुई थी। कुछ ही घंटे बाद दोस्त ने परिवार को खुशबू की मौत की सूचना दी।
परिजनों ने जब शव देखा तो गले पर रस्सी के गहरे निशान पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि खुशबू की गला घोंटकर हत्या की गई और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर शव को पीएम को भेज जांच शुरू कर दी है।












