जर्जर लाइन से लगी आग, करंट से 7 साल का बच्चा गंभीर झुलसा

जर्जर लाइन से लगी आग, करंट से 7 साल का बच्चा गंभीर झुलसा
हापुड़। मोहल्ला करीमपुरा में शनिवार रात जर्जर बिजली लाइन में आग लगने से तीन मकानों में करंट फैल गया। रसोई में पानी लेने गया 7 वर्षीय मासूम करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोगों ने ऊर्जा निगम की लापरवाही पर जमकर नाराजगी जताई।
करीमपुरा निवासी वसीम ने बताया कि रात करीब 10 बजे गली से गुजर रही पुरानी बिजली लाइन में अचानक आग लग गई। तारों से चिंगारियां निकलीं और तेज धमाके के साथ लाइन जल उठी।
इसी दौरान वसीम का बेटा मोहम्मद कैफ रसोई में पानी लेने गया। पानी की टंकी में उतरे करंट की चपेट में आते ही वह झुलस गया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े और लकड़ी के डंडे से उसे करंट से अलग किया। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कैफ की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले की बिजली लाइन कई सालों से जर्जर थी। इसे बदलवाने के लिए ऊर्जा निगम में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
हादसे के बाद भी राहत टीम समय पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि रामपुर रोड और दिल्ली रोड बिजलीघरों के अधिकारी एक घंटे तक क्षेत्राधिकार को लेकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। इसी बीच तीन मकानों में करंट फैल गया। समय रहते आपूर्ति बंद होने से बड़ा हादसा टल गया।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पता किया जाएगा कि करंट मकानों तक कैसे पहुंचा। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि पूरे इलाके की जर्जर बिजली लाइन तुरंत बदली जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।















