गूगल मैप के चक्कर में नाले में गिरी कार, 2 घंटे रेस्क्यू के बाद परिवार सुरक्षित

गूगल मैप के चक्कर में नाले में गिरी कार, 2 घंटे रेस्क्यू के बाद परिवार सुरक्षित
दादरी से मेरठ जा रहा परिवार प्रीत विहार में हुआ हादसे का शिकार; दरवाजे लॉक होने से कार में फंसे 5 लोग, पुलिस-फायर टीम ने शीशे तोड़कर निकाला बाहर
हापुड़। गूगल मैप पर भरोसा करना एक परिवार को भारी पड़ गया। मेरठ जाते समय रास्ता भटकने के बाद कार प्रीत विहार क्षेत्र में करीब 4 फुट गहरे नाले में जा गिरी। कार में सवार महिला और दो बच्चों समेत 5 लोग फंस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
ROB बंद होने पर लिया था मैप का सहारा
घटना रविवार की है। दादरी के सद्दीकपुरा निवासी मोहम्मद ईशान परिवार के साथ मेरठ के किठौर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। हापुड़ में मेरठ की ओर जाने वाला ROB बंद मिला। इस पर चालक ने गूगल मैप के जरिए दूसरा रास्ता लिया। मैप के बताए रास्ते पर चलते-चलते कार प्रीत विहार इलाके में बने नाले में गिर गई।
दरवाजे लॉक, शीशे तोड़ने की कोशिश नाकाम
ईशान ने बताया कि नाले में गिरते ही कार के चारों दरवाजे ऑटोमैटिक लॉक हो गए। कार में उनकी पत्नी गुड्डी, भाई सादिक और बच्चे रेशु व ताहिर सवार थे। अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए। बाहर निकलने के लिए शीशे तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। महिला और बच्चे मदद के लिए चिल्लाते रहे।
2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना पर डायल-112, थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। नाले में पानी और कार के बुरी तरह फंसने से रेस्क्यू मुश्किल हो गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर सभी को बाहर निकाला।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी। नाला करीब 4 फीट गहरा था। 2 घंटे के ऑपरेशन के बाद सभी 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद परिवार को वापस दादरी भेज दिया गया।











