गंगा दशहरा मेल़े में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में श्रद्धा की डुबकी

हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
पश्चिमी उ.प्र. का मिनी हरिद्वार कहे जानें वालें गढ़मुक्तेश्वर में गंगा दशहरा मेलें पर दिल्ली, एनसीआर व अन्य राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई ।
जानकारी के अनुसार सोमवार को तीर्थ नगरी बृजघाट में ब्रह्म मुहूर्त में गंगा दशहरा के मुख्य स्नान पर्व पर हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली सहित कई राज्यों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।आधी रात होते ही दशहरा के मुख्य स्नान पर्व के लिए श्रद्धालु गंगा किनारे एकत्र हो गए। वहां शुभ मुहूर्त लगते ही हर-हर गंगे के जयकारों के बीच मोक्षदायिनी में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था, जो सोमवार दोपहर तक निरंतर चलता रहा। गंगा में डुबकी लगाने के बाद अधिकांश श्रद्धालुओं ने किनारे बैठे पंडितों से भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और मंदिरों में जाकर अपने ईष्ट देवों की पूजा की।
नव-विवाहित जोड़ों नेगंगा के रेत में मेंड़ बनाकर संतान की प्राप्ति की कामना कर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र का दान भी किया, संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होने वालों ने गंगा में दूध की धार चढ़ाई।
श्रद्धालुओं ने तीर्थ नगरी के अमृत परिसर,राधा कृष्ण, हनुमान मंदिर,नक्का कुआं सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर सुख शांति की कामना की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के कारण पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाने में काफी मदद मिली। इसके अलावा सुबह से लेकर शाम तक गंगा नगरी सहित कच्चे घाट और पूठ में ड्रोन कैमरे से नजर रखी गई।











