क्राइम ब्रांच का फर्जी अफसर बनकर युवक से ठगे साढ़े 8 हजार, केस दर्ज

क्राइम ब्रांच का फर्जी अफसर बनकर युवक से ठगे साढ़े 8 हजार, केस दर्ज
-छेड़छाड़ के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 80 हजार; डर के कारण खाते में भेजे पैसे
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर एक युवक को रेप और छेड़छाड़ के फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी। डराकर उससे साढ़े आठ हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनजान नंबर से आई कॉल
गांव वैठ निवासी अरबाज ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। उसने कहा कि एक महिला ने अरबाज के खिलाफ रेप और छेड़छाड़ की शिकायत दी है। क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है।
80 हजार की मांग, साढ़े 8 हजार भेजे
आरोपी ने केस से बचाने के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग की। धमकी से डरे अरबाज ने साढ़े आठ हजार रुपये ठग के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर घबराएं नहीं। पुलिस फोन पर केस सेटल करने के लिए पैसे नहीं मांगती। ऐसी कॉल आने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।











