उधार के रुपए वापस ना करने पर ठेकेदार द्वारा की गई बेइज्जती से क्षुब्ध युवक ने जहर खाकर दी जान

उधार के रुपए वापस ना करने पर ठेकेदार द्वारा की गई बेइज्जती से क्षुब्ध युवक ने जहर खाकर दी जान
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के अशोक नगर मोहल्ले में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों द्वारा मारपीट और धमकी दिए जाने से आहत होकर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा के अशोक नगर के डॉक्टर गंगा राघव वाली गली निवासी जॉनी कुमार (30) धौलाना रोड स्थित सालासर फैक्टरी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी ज्योति, तीन बेटियां और एक बेटा हैं।
मृतक के बड़े भाई रिंकू कुमार के बताया कि जॉनी ने एक ठेकेदार से 20 हजार रुपये अग्रिम लिए थे। आरोप है कि बुधवार सुबह ठेकेदार अपने चार साथियों के साथ जॉनी के घर पहुंचा और एक हजार रुपये वापस न करने को लेकर उससे मारपीट की। साथ ही रुपये की वसूली को लेकर धमकियां भी दी गईं।
परिजनों का कहना है कि विवाद के दौरान जॉनी की पत्नी ज्योति ने ठेकेदार से कुछ समय देने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद दबाव बनाया गया। घटना के बाद जॉनी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।
आरोप है कि बुधवार रात जॉनी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।











