हापुड़ में बेसिक विभाग की तीन शिक्षिकाएं निलंबित, एक कक्षा में छड़ी रखती मिली

हापुड़ में बेसिक विभाग की तीन शिक्षिकाएं निलंबित, एक कक्षा में छड़ी रखती मिली
हापुड़। सीडीओ के निरीक्षण के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की कार्रवाई। डूहरी स्कूल की शिक्षिका प्रवेश पर बच्चों को छड़ी से डराने का आरोप। पावटी स्कूल की प्रियंका सोनी और राखी वर्मा पर लापरवाही और विवाद के आरोप। तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
सीडीओ श्रुति शर्मा ने 31 जुलाई को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव डूहरी स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कक्षा 1 और 2 चल रही थीं। सहायक शिक्षिका प्रवेश बच्चों को पढ़ा रही थीं, लेकिन उनकी मेज पर छड़ी रखी मिली।
पूछताछ में शिक्षिका संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। बाद में बीएसए दीपा भाटी की पूछताछ में उन्होंने बताया कि शोर मचाने वाले बच्चों को शांत करने और चार्ट पढ़ाने के लिए छड़ी का प्रयोग करती हैं। इसे शासनादेश और कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन मानते हुए BSA ने शिक्षिका प्रवेश को दोषी मानकर निलंबित कर दिया।
गढ़मुक्तेश्वर के गांव पावटी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका प्रियंका सोनी पर आरोप था कि वह शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेती थीं। नामांकन और छात्र उपस्थिति लगातार कम होने से विद्यालय की छवि भी खराब हो रही थी। लापरवाही बरतने पर उन्हें भी निलंबित किया गया।
वहीं इसी विद्यालय की दूसरी शिक्षिका राखी वर्मा को शिक्षिका द्विधांवर सोनी और उनके पति से आपसी विवाद के चलते शिक्षण कार्य बाधित करने और छात्र उपस्थिति घटने के आरोप में निलंबित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और विद्यालय की गरिमा से समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।















