हापुड़ में बालिकाओं के लिए 7 दिवसीय आत्मरक्षा-योग शिविर शुरू, 21 जून को मिलेगा प्रमाण पत्र

हापुड़ में बालिकाओं के लिए 7 दिवसीय आत्मरक्षा-योग शिविर शुरू, 21 जून को मिलेगा प्रमाण पत्र
आर्य कन्या पाठशाला में क्रीड़ा भारती की पहल; कराटे, लाठी, शूटिंग के साथ योग से तनाव प्रबंधन के गुर सीख रहीं बेटियां
*हापुड़।* क्रीड़ा भारती जनपद हापुड़ द्वारा आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज परिसर में बालिकाओं के लिए सात दिवसीय आत्मरक्षा एवं निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन बालिकाएं सेल्फ डिफेंस और महिला-पुरुष योग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। 21 जून को शिविर के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
*‘बेटियां दें मुंहतोड़ जवाब’*
क्रीड़ा भारती की जिला महिला मंडल अध्यक्ष वंदना सिंघल ने कहा कि आज भी समाज में लिंग असमानता और महिलाओं के साथ हिंसा-छेड़खानी कड़वा सच है। महिला सशक्तिकरण के लिए सेल्फ डिफेंस बेहद जरूरी है। बेटियां इतनी संबल बनें कि बुरे बर्ताव का मुंहतोड़ जवाब दे सकें। इसी उद्देश्य से यह शिविर शुरू किया गया है।
योग से घटेगा तनाव, बढ़ेगा आत्मविश्वास
योगाचार्य आकांशा त्यागी, विनीता सिंह, प्रीति वर्मा और रूबी ने योग साधकों को घुटनों के दर्द और नसों की समस्या दूर करने के आसन सिखाए। आकांशा त्यागी ने कहा कि योग मन-मस्तिष्क को सकारात्मक दिशा देता है। नियमित अभ्यास से तनाव, अशांति और चिड़चिड़ापन कम होता है। व्यस्त जीवन में योग शांति और संतुलन देता है। योग प्रशिक्षिका प्रीति वर्मा ने ध्यान, तनाव प्रबंधन और हंसी योग के टिप्स दिए।
कराटे, लाठी, शूटिंग की ट्रेनिंग
सेल्फ डिफेंस संयोजिका नीलम गुप्ता ने बताया कि आज बेटियों का आत्मनिर्भर होना जरूरी है ताकि वे खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा भी कर सकें। शिविर में रोहताश सिंह व गीतिका सिंह आत्मरक्षा, विशाल मित्तल लाठी चलाना और अंकुश चौधरी शूटिंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। आत्मरक्षा प्रशिक्षिका गीतिका सिंह ने कहा कि मार्शल आर्ट की 7 दिन की ट्रेनिंग से छात्राओं के जीवन में बदलाव आएगा और छेड़छाड़ की घटनाएं कम होंगी।
शिविर में पुनीत गोयल, सुनील वर्मा, सचिन, गोपाल अग्रवाल, अंजलि गर्ग, विनोद, अतुल अग्रवाल, गुंजन गर्ग, वर्षा गर्ग, मुकेश शर्मा, शशि अग्रवाल, भीमनोज अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, सुभाष चंद सैनी, परवीन कुमार, ब्रिजेश गर्ग, मनप्रीत खैरा, सुनीता स्वामी, निशांत अग्रवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।











