हापुड़ में प्रतिबंधित मांस तस्करी का भंडाफोड़, 5 कुंतल मांस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

हापुड़ में प्रतिबंधित मांस तस्करी का भंडाफोड़, 5 कुंतल मांस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने प्रतिबंधित पशु के मांस की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 कुंतल प्रतिबंधित पशु का मांस, एक थ्री-व्हीलर और दो छुरियां बरामद की हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि आरोपी बुलंदशहर के खुर्जा से प्रतिबंधित मांस लाकर हापुड़ में एकत्र करते थे। यहां से मुरादाबाद और दिल्ली में सप्लाई की जाती थी।
सोमवार को रामपुर रोड क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरे रंग के थ्री-व्हीलर में प्रतिबंधित पशु का मांस और अवशेष लेकर कुछ लोग रामपुर रोड से पुरानी चुंगी होते हुए बुलंदशहर रोड की तरफ जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर गंदे नाले के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। थ्री-व्हीलर को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें तीन लोग सवार मिले और भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।











