सरकारी नौकरी पाने के लिए दो पत्नियों ने अलग अलग किया दावा, उत्तराखंड में हुई थी पति की मौत, हापुड़ नगर पालिका ने जारी किया मृत्यु प्रमाण पत्र

हापुड़ ।
उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी की मृत्यु के मामले में दो-दो जगह से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी होने का मामला सामने आया है। कर्णप्रयाग में मृत्यु के बाद भी नगर पालिका से मृतक का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। अब मामले में मृतक की पत्नी ने एसपी और एसडीएम से शिकायत करते हुए मृत्यु प्रमाणपत्र निरस्त करने सहित मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
चमोली जिले के थाना गोपेश्वर निवासी चंद्रकला वर्मा ने शिकायत में बताया है कि उनका विवाह मूलरूप से बुलंदशहर जिले के स्याना निवासी अरुण कुमार वर्मा से करीब 20 वर्ष पहले हुआ था। अरुण कुमार वर्मा जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी के पद पर तैनात थे। एक जून 2024 को ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। वहीं पर ही उनका पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद 19 जून 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नप्रयाग ने ने मृतक का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया था।
अरुण की मौत के बाद पत्नी चंद्रकला वर्मा ने बताया कि मृतक आश्रित में नौकरी व परिवार के पालन-पोषण के लिए सरकारी धनराशि की मांग की। इस पर सामने आया कि हापुड़ नगर के स्वर्ग आश्रम रोड के एक मोहल्ले की निवासी महिला ने स्वयं को मृतक की पत्नी बताते हुए हापुड़ नगर पालिका से मृतक का मृत्यु
प्रमाणपत्र जारी कराया हुआ है। यह प्रमाणपत्र 19 जुलाई 2024 को जारी हुआ है। आरोप है कि इसी के आधार पर नगर निवासी महिला भी नौकरी आदि की मांग कर रही है।
चंद्रकला ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। ऐसे में में जब पति अरुण कुमार वर्मा की मृत्यु गोपेश्वर में हुई है और पोस्टमार्टम भी हुआ है तो पालिका ने किस आधार पर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया है।
दो-दो जगह से प्रमाणपत्र जारी होने से उठ सवाल: वर्तमान में पूरे देश में एक ही पोर्टल पर जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनते हैं। ऐसे में एक व्यक्ति का दो प्रदेश से अलग-अलग मृत्यु प्रमाणपत्र जारी होने से बड़ा सवाल उठ रहा है।
ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि
शिकायत के आधार पर जांच कराएंगे कि किन दस्तावेज के आधार पर पालिका से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हुआ है लेकिन अभी मुझे लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच के बाद ही कार्रवाई हो सकती है।












