लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद, हत्या की आंशका

हापुड़।
थाना सिंभावली क्षेत्र के एक लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की।
जानकारी के अनुसार सिम्भावली के गांव वैट निवासी गुलशन परवीन 5 सितंबर से अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों के घरों और संभावित जगहों पर व्यापक तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। चिंता बढ़ने पर 17 सितंबर को पति आजाद ने सिंभावली थाने में गुमशुदगी की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
फिर 19 सितंबर (शुक्रवार) को गांव वालों को कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिंभावली थाने की टीम ने कुएं की गहन जांच की, जहां गुलशन का सड़ा-गला शव मिला। शव की शिनाख्त होने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और कोहराम मच गया। मृतका के चार मासूम बच्चे तीन बेटियां और एक बेटा अब अनाथों की तरह बिलख रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।












