रेलवे रोड पंजाबी कॉलोनी में बिना अनुमति टावर लगाने का आरोप, लोगों ने डीएम से की शिकायत; चेतावनी दी- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन

घनी आबादी में लगा अवैध मोबाइल टावर, हटाने की मांग पर कॉलोनी में हंगामा
रेलवे रोड पंजाबी कॉलोनी में बिना अनुमति टावर लगाने का आरोप, लोगों ने डीएम से की शिकायत; चेतावनी दी- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।नगर के रेलवे रोड स्थित पंजाबी कॉलोनी में घनी आबादी के बीच लगे मोबाइल टावर को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को मोहल्लावासियों ने टावर के पास प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी से तत्काल टावर हटवाने की मांग की।
बिना अनुमति लगाने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर लंबे समय से अवैध रूप से लगा है। इसे कॉलोनीवासियों की अनुमति के बिना स्थापित किया गया। कई बार संबंधित विभागों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रेडिएशन से स्वास्थ्य का खतरा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाबी कॉलोनी बेहद घनी आबादी वाला क्षेत्र है। आबादी के बीच टावर लगाना नियमों के खिलाफ है। टावर से निकलने वाले रेडिएशन का असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। लोग शुरू से ही विरोध कर रहे थे लेकिन उनकी अनदेखी की गई।
डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
मोहल्लावासियों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर टावर तुरंत हटवाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कठोर रणनीति अपनाने को मजबूर होंगे।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से नियमों के तहत कार्रवाई कर कॉलोनी से टावर हटवाने की अपील की है। उनका कहना है कि जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए अवैध टावर को तुरंत हटाया जाना चाहिए।











