प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर 10 लाख रुपए ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव सालारपुर में एक महिला के शादी का झांसा देकर व्यक्ति से करीब दस लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सिम्भावली क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी सुंदर ने बताया कि उसके चाचा के संपर्क में कुछ समय पहले एक महिला आई थी। महिला ने
उनसे नजदीकियां बढ़ाकर शादी का भरोसा दिलाया। इस दौरान उसने बहाने बनाकर करीब दस लाख रुपये ले लिए।
जब सुंदर ने महिला से तकादा किया तो टालमटोल शुरू कर दी। बाद में महिला ने उनसे संपर्क करना भी कम कर दिया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्हें पूरे मामले पर शक हुआ तो उन्होंने महिला से दिए गए पैसों के बारे में पूछा, लेकिन
उसने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
पीड़ित पक्ष को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पीड़ित ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












