पैदल जा रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, हुई मौत, ड्राइवर फरार

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित भैरव मंदिर के सामने सोमवार रात अपने भाई व अपना खाना लेकर लौट रहे मोहल्ला राजीव विहार निवासी रवि कुमार (48) को ट्रक ने रौंद दिया। इस दौरान उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के मोहल्ला खारी कुंआ निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह अपने छोटे भाई रवि कुमार के साथ दिल्ली रोड स्थित ट्रक यूनियन के बाहर चाय की दुकान चलाते हैं। वर्तमान में वह मोहल्ला राजीव विहार में किराये के मकान में रह रहे हैं। सोमवार की रात उनके छोटे भाई रवि उनका व
अपना खाना लेने के लिए मुनीम होटल पर गए थे। लौटते समय दिल्ली रोड स्थित भैरव मंदिर के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने रवि को रौंद दिया। दुर्घटना में उनके भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रवि तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी मौत पर परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल रहा।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।












