दहेज के लिए तीन तलाक: पति समेत 6 पर केस, कार-10 लाख की मांग पूरी न होने पर घर से निकाला

दहेज के लिए तीन तलाक: पति समेत 6 पर केस, कार-10 लाख की मांग पूरी न होने पर घर से निकाला
अब्दुल्लापुर मोड़ी की सहवीजा का आरोप; भूमि मुआवजा मिलने के बाद बढ़ा उत्पीड़न, 27 मई को मारपीट कर दिया तलाक
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है। गांव अब्दुल्लापुर मोड़ी निवासी विवाहिता सहवीजा ने पति समेत छह ससुरालियों पर मारपीट, दहेज मांगने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक उसका निकाह 6 अगस्त 2021 को बुलंदशहर के मखदूमनगर निवासी तौहसीन से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति तौहसीन, सास मुनीजा, ननद हिना और देवर साजन, सैफू, भोला कार और 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
सहवीजा का आरोप है कि हाल ही में मायके को भूमि अधिग्रहण का मुआवजा मिला तो ससुरालियों का लालच बढ़ गया। आरोपियों ने गरीब परिवार की बेटी बताकर दूसरी शादी की धमकी दी और दहेज के लिए दबाव बनाया।
पीड़िता ने बताया कि 27 मई 2026 की शाम साढ़े सात बजे सभी आरोपियों ने गाली-गलौज कर बेरहमी से पीटा। विरोध पर पति तौहसीन ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और दोबारा आने पर धमकी दी।
थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि तहरीर पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।











