दहेज की मांग पूरी ना होने पर विवाहिता की हत्या के प्रयास व सौतले पुत्र पर अश्लील हरकतें करने का आरोप , एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में एक विवाहिता महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता गीता रानी, जिसका विवाह 27 जून 2023 को दिनेश कुमार के साथ हुआ था, ने आरोप लगाया है कि शादी के तुरंत बाद से ही उसके पति, ससुर हरिपाल, सास प्रेम, दोनों देवर बबलू और भोला तथा दोनों देवरानियों ने उसे 4 लाख रुपये लाने के लिए लगातार प्रताड़ित किया। मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ गई कि पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति के पहले विवाह से हुए पुत्र सागर ने बार-बार उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया तो पति और ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। 22 सितंबर 2024 को तो उसके गले में फंदा डालकर उसकी हत्या का प्रयास भी किया गया। इसके बाद उसके मायके वालों ने उसे वहां से निकाला। पीड़िता के अनुसार, उसके 2 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने भी ससुराल वालों ने जबरन ले लिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर कानून के तहत जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
………












