दस लाख के अवैध पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार

पिलखुवा।
पिलखुवा में प्रशासनिक टीम ने एक मकान में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम मनोज कुमार, सीओ अनीता चौहान और थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पुरा मोहल्ला क्षेत्र में छापेमारी की गई। टीम ने अनिल गुप्ता के अलग अलग मकान पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद हुआ। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत दस लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान मौके से एक से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए पटाखे बिना किसी वैध लाइसेंस के इकट्ठे किए गए थे और दीपावली के अवसर पर इन्हें बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, गाजियाबाद में हाल ही में पकड़े गए अवैध पटाखों के मामले से इस कारोबार के तार जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पटाखों की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जानी थी।
एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि यह कार्रवाई जन सुरक्षा के दृष्टिगत की गई है। बिना लाइसेंस पटाखा व्यापार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ अनीता चौहान ने बताया कि टीम पूरे शहर में सतर्कता के साथ निगरानी रखे हुए है, ताकि कोई भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन न कर सके।












