ठेकेदार द्वारा 10 फीट खोदे खुले गड्ढे में गिरा बाइकसवार, हुआ घायल

, हापुड़।
नगर पालिका के ठेकेदार द्वारा विकास कार्य के लिए खोदे गए दस फीट गहरे गड्ढे में एक बाइकसवार युवक बाईक सहित गिरकर घायल हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल भिजवाकर कड़ी मशक्कत के बाद बाईक गढ्ढे से बाहर निकाली।
जानकारी के अनुसार हापुड़ नगर पालिका द्वारा मोहल्ला शिवगढ़ी में विकास कार्यों के करवाया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा दस फुट गहरा गड्ढा खोदा गया था,जो खुलें में छोड़ दिया गया था।
गुरुवार को एक बाइकसवार राजू घर जा रहा था, तभी वह बाईक सहित गढ्ढे में गिर गया। शोर सुनकर राहगीरों ने घायल युवक को गड्ढे से बाहर निकाला। युवक को मामूली चोटें आईं। स्कूटी को गड्ढे से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इन गहरे गड्डों के आसपास न तो कोई बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। रात में रोशनी की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन खुले गड्डों में आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में हापुड़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मौके पर टीम भेजकर उचित कार्रवाई की जाएगी।












