केमिकल स्टोर में ब्लेंडर फटा, धमाके से दहला इलाका; आग की लपटों में लाखों का माल खाक

केमिकल स्टोर में ब्लेंडर फटा, धमाके से दहला इलाका; आग की लपटों में लाखों का माल खाक
आसमान में छाया काले धुएं का गुबार, 3 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू; फायर अफसर बोले- औद्योगिक इकाइयों में चलेगा सेफ्टी अभियान
हापुड़। धौलाना क्षेत्र में एक केमिकल स्टोर में रखा ब्लेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल उठा। ब्लेंडर फटते ही स्टोर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और घरों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों-दुकानों से बाहर निकल आए। जब तक कोई कुछ समझता, केमिकल स्टोर आग का गोला बन चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बगल की दुकानों तक पहुंचने का खतरा मंडराने लगा। सूचना पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों को केमिकल की आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पानी डालने पर आग और भड़क रही थी, इसलिए फोम और ड्राई केमिकल पाउडर का इस्तेमाल किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। स्टोर मालिक धमाके से पहले बाहर निकला हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि स्टोर में रखा लाखों रुपये का केमिकल, ब्लेंडर मशीन और अन्य सामान जलकर राख हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा हैदमकल अधिकारी सचिन बालियान ने कहा, “केमिकल स्टोर में फायर सेफ्टी के इंतजाम नाकाफी थे। प्रथम दृष्टया ब्लेंडर में ओवरहीट के कारण धमाका हुआ। जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच के लिए जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”











