कुष्ठ आश्रम रोड बनी ‘कबाड़ी रोड’, अवैध कब्जे पर नगर पालिका मौन, फ्री गंज रोड पर कबाड़ियों का सड़क पर कब्जा, कूड़े के रिक्शों से फैली दुर्गंध

:कुष्ठ आश्रम रोड बनी ‘कबाड़ी रोड’, अवैध कब्जे पर नगर पालिका मौन, फ्री गंज रोड पर कबाड़ियों का सड़क पर कब्जा, कूड़े के रिक्शों से फैली दुर्गंध
हापुड़। फ्री गंज रोड स्थित कुष्ठ आश्रम रोड पर कबाड़ियों के अवैध कब्जे और नगर पालिका के कूड़े से भरे रिक्शों ने लोगों का निकलना मुहाल कर दिया है। सड़क पर सामान और रिक्शे खड़े होने से आवास विकास कॉलोनी समेत करीब एक दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका परिषद कोई कदम नहीं उठा रही।
सड़क पर कब्जा, फैली दुर्गंध
पिछले कुछ महीनों से कुष्ठ आश्रम रोड पर कई कबाड़ियों ने दुकानें खोल ली हैं। इन्होंने सड़क पर कबाड़ रखकर अवैध कब्जा कर लिया है। इससे यह रोड अब ‘कबाड़ी रोड’ बन गई है। वहीं नगर पालिका कर्मचारी भी यहीं कूड़े से भरे रिक्शे खड़े कर देते हैं। इससे पूरे मार्ग पर गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है। राहगीरों को नाक बंद कर निकलना पड़ता है।
अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन
आवास विकास कॉलोनी के लोगों ने कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा से फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
SDM ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मामले पर सदर एसडीएम इला प्रकाश ने कहा कि कुष्ठ आश्रम रोड से अवैध अतिक्रमण हटवाया जाएगा। साथ ही शहर में कबाड़ियों का सत्यापन भी कराया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कुष्ठ आश्रम रोड पर कूड़े से भरे या खाली रिक्शे खड़े न किए जाएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है नगर पालिका जनता के सड़क पर उतरने का इंतजार कर रही है।











