कार सवारों ने युवक से मांगी रंगदारी

हापुड़
थाना हापुड़ क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में अपने दोस्तों के साथ आए कार सवार एक युवक का दूसरी कार सवार कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि कार सवार युवक कुछ समझ पाते, तब तक दूसरी कार सवार युवकों ने दो दिन के भीतर 10 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
हापुड़ के मजीदपुरा निवासी आफताब ने बताया कि 17 मार्च को वह अपने दोस्त जुहैब, शकील और शादाब के साथ अपनी कार में सवार होकर मेरठ से आया था। वह अपने दोस्तों को उतारने के लिए गली नंबर-5 में गया था। आरोप है कि तभी एक दूसरी कार आकर रुकी। कार में पांच से अधिक लोग सवार थे। कार सवारों ने लाठी-डंडों और हथियारों के बल पर आफताब व उसके साथियों को घेर लिया। दो दिन के भीतर दस लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।












