एसपी साहब पत्नी प्रेमी के साथ मिलकर मेरी हत्या कर सकती है, पति ने पत्नी और प्रेमी पर हत्या की साजिश का लगाया आरोप
हापुड़।
मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
पीडि़त अशोक कुमार का कहना है कि उसकी शादी 18 साल पहले बुलंदशहर जिले के पुराना छत्ता कस्बा निवासी रेखा से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ सालों बाद ही पत्नी के अवैध संबंध सिम्भावली निवासी नरेन्द्र नामक युवक से हो गए। अशोक ने बताया कि जब भी वह पत्नी को नरेन्द्र से फोन पर बात करने से रोकता है,तो पत्नी उससे झगड़ा करती है,गालियां देती है और मारपीट तक पर उतर आती है। अशोक ने पुलिस से कहा कि पत्नी और नरेन्द्र मिलकर उसे बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीडि़त ने दी तहरीर में बताया कि उसे लगातार खतरा बना हुआ है। उसकी पत्नी और नरेन्द्र मिलकर उसकी जान लेने की फिराक में हैं। अशोक ने कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ी वारदात हो सकती है। पीडि़त की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।












