जूना अखाड़े से जुड़े मंदिर संचालक ने दंबगों पर लगाया पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप , एक लाख रुपए वसूले, एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित एक प्राचीन मंदिर के संचालक व जूना अखाड़े से जुड़े महंत ने दंबगों पर पांच लाख रुपए रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित प्राचीन श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक व श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा से जुड़े स्वामी सूर्यानंद गिरी महाराज ने बताया कि वह श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक हैं। खिलवाई गांव निवासी गजेंद्र त्यागी पिछले कई महीनों से अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मंदिर पहुंच रहा था और मंदिर में आने वाले चढ़ावे, दान पात्र तथा कृषि भूमि से होने वाली आय में हिस्सा मांग रहा था। विरोध करने पर धमकियां दी जाने लगीं तथा हर साल पांच लाख रुपये ना देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि डर की वजह से उन्होंने एक लाख रुपये आरोपी को दे दिए थे, परन्तु वह बाकी चार लाख रुपये की मांग शुरू कर दी और ना देने पर धमकी दे रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











