पी.एम. श्री कंपोजिट स्कूल हिम्मतपुर सिंभावली हापुड़ में राज्य स्तरीय जूडो विजेता अज़ीम का भव्य सम्मान

पी.एम. श्री कंपोजिट स्कूल हिम्मतपुर सिंभावली हापुड़ में राज्य स्तरीय जूडो विजेता अज़ीम का भव्य सम्मान
हापुड़।
69वीं माध्यमिक विद्यालयी जूडो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 सितंबर तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, सहारनपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में पी.एम. श्री कंपोजिट स्कूल हिम्मतपुर सिंभावली, हापुड़ के 8 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मंडलीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपरांत प्रतिभाग किया।
आज दिनांक 09 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमान योगेश गुप्ता जी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमान गुप्ता जी ने अपने संबोधन में कहा कि –
> विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर जिला हापुड़ का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है। ऐसे खिलाड़ी न केवल विद्यालय का मान बढ़ाते हैं, बल्कि अपने साथियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनते हैं
विद्यालय के जूडो कोच श्री सुबोध यादव ने जानकारी दी कि विद्यालय के विद्यार्थी अज़ीम (25 किग्रा) ने स्वर्ण पदक, अनुप्रिया (32 किग्रा) ने रजत पदक, तथा जोया ने (40किलोग्राम )कांस्य पदक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय विद्यालयी जूडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाध्यापक श्री शमशुल हसन तथा समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह में बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को शुभकामनाएं दी गईं।












