साइबर ठगों ने युवक के डाक्यूमेंट्र से खोली फर्जी कम्पनी, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक के डाक्यूमेंट्र से फर्जी कम्पनी खोल ली। युवक द्वारा लोन के लिए अप्लाई करने पर मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला महादेव राणा पट्टी निवासी तुषार चौहान के नाम से साइबर ठगों ने फर्जी कंपनी रजिस्टर करा ली। जब तुषार ने टाटा कैपिटल से पर्सनल लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। वहां कंपनी के अधिकारी ने बताया कि उनके नाम से पहले से ही एक कंपनी रजिस्टर्ड है और उसमें उनका आधार कार्ड व पैन कार्ड लिंक है।
पीड़ित तुषार ने बताया कि उन्होंने कभी कोई कंपनी नहीं खोली और न ही किसी को अपने डॉक्यूमेंट्स दिए हैं। किसी ने ऑनलाइन तरीके से उसका आधार और पैन नंबर चुराकर फर्जी कंपनी बना ली।
थाना प्रभारी निरीक्षक श्योराज सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












