सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपए की ठगी

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव फरीदपुर सिंभावली निवासी शेर खान ने बताया कि वह काफी समय से अपने भाई फिरोज की नौकरी के लिए प्रयास कर रहे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव बड़का नंगला निवासी तीन युवकों से हुई। उन्होंने बताया कि उनका जनपद मेरठ के किठौर में कार्यालय हैं।
उन्होंने क्षेत्र के काफी युवाओं को विदेशों में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाई है। भाई की नौकरी के लालच में वह आरोपियों के झांसे में आ गया। युवकों ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे दो लाख पांच हजार रुपये ले लिए, लेकिन चार माह से अधिक समय बीत चुका है। अभी तक उनके भाई की नौकरी नहीं लगी।
रुपये वापस मांगने पर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












