भाजपा पदाधिकारियों ने अपराधिक केस दर्ज ना होने का किया दावा, सपा नेताओं के विरुद्ध करेंगे कार्रवाई

हापुड़।
भाजपा की नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने के कथित आरोपों के बीच अब भाजपाइयों ने भी जवाब दिया है। जिन पदाधिकारियों पर आरोप लगे हैं ।
इसमें एक पदाधिकारी पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं मिला, जबकि तीन पदाधिकारियों के मुकदमों में वह न्यायालय से दोषमुक्त भी हो चुके हैं। इसके बाद भाजपाइयों ने सपा के विरुद्ध हल्लाबोल का एलान किया है।
जिला उपाध्यक्ष जयभगवान शर्मा पिंटू ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उनके ऊपर मुकदमे दर्ज होने की अफवाह फैलाई गई है। बताया कि बुलंदशहर के थाना स्याना में मुकदमा संख्या 131/2002 में उनके ऊपर धारा 504, 506 का मुकदमा दर्ज हुआ था,इसमें वह न्यायालय से दोषमुक्त हो चुके हैं।
गांव का प्रधान रहते हुए हापुड़ कोतवाली में मुकदमा संख्या 708/2019 में धारा 504, 506 में भी वह न्यायालय से दोषमुक्त हो चुके हैं। वर्ष 1992-93 में थाना हाफिजपुर में धारा 307 में दर्ज मुकदमे में भी वह दोषमुक्त हो चुके हैं। वर्तमान में प्रोपर्टी को लेकर मात्र एक आपसी विवाद का मुकदमा वर्ष 2012 से न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन वह
कोई आपराधिक मामला नहीं है।
जिला मंत्री हितेश मोदी ने बताया कि उनके ऊपर कोई मामला किसी थाने में दर्ज नहीं है। उन्होंने पुलिस का रिकार्ड निकलवाकर जिलाध्यक्ष को सूचना भी भेज दी है। जिला मीडिया प्रभारी अमित टांक ने बताया कि वर्ष 2024 में पड़ोसी से आपसी विवाद का मुकदमा था। दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर एफआईआर कराई थी। इस मामले में दोनों पक्षों में फैसला हो चुका है।











