अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल पर कार्रवाई के बाद अभिभावक महासंघ ने डीएम से की निगरानी समिति गठित करने की मांग

हापुड़।
अधिक फीस वसूलने पर अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल पर कार्रवाई के बाद अब अभिभावक महासंघ ने डीएम से निगरानी समिति के गठन की मांग उठाई है। पदाधिकारियों का आरोप है कि अधिकांश स्कूलों में इसी तरह की लूट मची है, अभिभावक महंगे कोर्स, ड्रेस निर्धारित दुकानों से लेने के लिए बाध्य किए जा रहे हैं। समिति से इसकी जांच होना आवश्यक है। दरअसल, पिलखुवा के अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल पर एक अभिभावक की शिकायत के बाद छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अभिभावक महासंघ के जिलाध्यक्ष शरद कुमार गर्ग ने कहा कि शुल्क नियामक समिति के माध्यम से जो अर्वाचीन स्कूल पर जुर्माना लगाया है यह सराहनीय कदम है लेकिन उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ इससे संतुष्ट नहीं है। इस तरह की मनमानी कई अन्य स्कूलों में है, एक निगरानी समिति का गठन हो जो विभिन्न स्कूलों में जाकर मौके पर जांच करे और अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे। इस कमेटी में अभिभावक महासंघ के प्रतिनिधि भी शामिल रहे, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। वहीं जिला महासचिव योगेंद्र अग्रवाल ने कहा कि जिले में बहुत से स्कूलों के अंदर ही निजी प्रकाशन की किताबें बिक्री की जाती हैं। डीएम एक निगरानी समिति गठित करें, ऐसे प्रकरणों की जांच कराएं।











