रकम दोगुनी करने का लालच देकर ढाई लाख रुपये हड़पे

हापुड़ ।
थाना सिंभावली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से चार लोगों ने धन दुगुना करने का लालचदेकर ढाई लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के लताफत ने बताया कि जिला बुलंदशहर के एक व्यक्ति की जमीन को ठेके में लेकर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। करीब डेढ़ माह पहले एक व्यक्ति बाइक पर खेत पर पहुंचा और जमीन खरीदने की बात करने लगा। उसके बाद वह व्यक्ति कई बार पीड़ित के पास आया और अपनी बातों में उलझा कर गोटी खिलाकर रकम दुगुनी करने का लालच देकर फंसा लिया। 11 मार्च को छिजारसी टोल के पास एक होटल में बुलाया। होटल में मौजूद जिला गाजियाबाद के मोदीनगर के रहने वाले जावेद अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ढाई लाख रुपए लेकर चला गया। पीड़ित का कहना है कि काफी समय इंतजार करने के बाद भी चारों लोग नहीं लौटे, तो उसे अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











