लखनऊ मेल एक्सप्रेस के ब्रेक शू में लगी आग,मचा हडक़ंप

हापुड़
– रात्रि में दिल्ली से लखनऊ जा रही लखनऊ मेल एक्सप्रेस में डासना के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन के कोच एस-3 के ब्रेक शू में अचानक चिंगारी और आग लगने से धुआं निकलने लगा। आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर काबू पाया गया। ट्रेन को डासना स्टेशन पर रोका गया,जहां अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई। इसके बाद ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां रेलवे टेक्नीशियनों ने ब्रेक की मरम्मत कर ट्रेन को आगे रवाना किया।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात्रि को नई दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हुई लखनऊ मेल एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन से हापुड़ की ओर बढ़ रही थी,तभी कोच एस-3 के पहिए में चिंगारी और आग लग गई। धुआं देखकर आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जय सिंह, जगबीर, कांस्टेबल मनीष, और इंद्रराज कुमार ने तुरंत गार्ड मयंक श्रीवास्तव को सूचित किया। गार्ड ने कंट्रोल रूम को जानकारी देकर ट्रेन को डासना स्टेशन पर रोका, जहां इसका कोई नियमित ठहराव नहीं है। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन को हापुड़ लाया गया।
हापुड़ रेलवे स्टेशन पर सीनियर टेक्नीशियन धर्मेंद्र सिंह और आरपीएफ निरीक्षक राकेश यादव के नेतृत्व में रेलवे टीम ने ब्रेक शू की खराबी को ठीक किया। ट्रेन करीब 30 मिनट डासना में रुकी और रात 12 बजे हापुड़ पहुंची। रात 12:05 बजे ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। इस घटना के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।












