सड़कों पर बिखरी संदिग्ध चांदी, लोगों ने सड़क से उड़ाई, लगा जाम

सड़कों पर बिखरी संदिग्ध चांदी, लोगों ने सड़क से उड़ाई, लगा जाम
हापुड़ । थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में ततारपुर बाइपास से एक चलते ट्रक से सड़क पर संदिग्ध चांदी गिरने से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ ने उसे एकत्र करना शुरू कर दिया। जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाइपास पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आता हुआ ततारपुर बाइपास के रास्ते दिल्ली की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक बुलंदशहर कट के पास पहुंचा, उसमें से सफेद रंग की कुछ धातु की वस्तुएं सड़क पर गिर गईं। इसे देखकर वहां से गुजर रहे लोग रुक गए और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोग उस धातु को उठाने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा तेजी से फैल गई कि सड़क पर गिरी सफेद धातु चांदी है। इसी दावे के चलते भीड़ और अधिक बढ़ गई, जिससे बाइपास पर जाम की स्थिति बन गई। जाम की सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह यातायात को सुचारू कराया।
थाना हापुड़ देहात प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि फिलहाल सफेद धातु के चांदी होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।












