डिलीवरी एसोसिएटों द्वारा ई-कॉमर्स कंपनी को 11 लाख की ठगी, केस दर्ज

पिलखुवा।
इंस्टा कार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के पिलखुवा हब में कार्यरत दो डिलीवरी एसोसिएटों पर कंपनी के साथ बड़ी धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोपियों मन्नू सिंह निवासी प्रताप विहार, विजय नगर, गाजियाबाद और अविनाश सिंह निवासी भीम नगर, विजय नगर, गाजियाबाद ने 31 जुलाई को एप्पल एयरपॉड्स सहित 25 उच्च मूल्य के शिपमेंट में असली उत्पादों की जगह नकली सामान रख दिया। कंपनी की आंतरिक जांच में खुलासा हुआ कि लगभग 5.70 लाख रुपये मूल्य के ये ऑर्डर छह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दिए गए थे, जो बाद में बंद पाए गए। इस घटना से कंपनी को 11,08,714 रुपये की सीधी हानि हुई है और उसकी साख को भी नुकसान पहुँचा है। कोतवाली पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए दबिश चल रही है।
……….












