दहेज की मांग पूरी ना करने पर शौहर ने दिया तीन तलाक़, एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने अपने पति पर प्रतिबंधित तीन तलाक देने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी रिपोर्ट अब तक दर्ज नहीं हुई है।
धौलाना के शेखपुर खिचरा निवासी पीड़िता ने बताया कि गांव के एक युवक ने दो वर्ष पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद युवक के परिवार ने दोनों का निकाह करा दिया। विवाह के बाद युवक ने महिला को अलग किराए के मकान में रखा। आरोप है कि गर्भवती होने पर उसके देवर और ससुर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसकी रिपोर्ट पहले ही थाना धौलाना में दर्ज कराई गई थी। पीड़िता ने कहा कि निकाह के बाद से पति मोटरसाइकिल और नगद दहेज की मांग करता रहा। मांग पूरी न होने पर 23 नवंबर को पति ने दो अन्य लोगों के सामने उसे प्रतिबंधित तीन तलाक दे दिया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












