सांसद ने मुख्यमंत्री से नूतन त्यागी मामलें में भूखंड आवंटन करने के निर्देश देने की मांग की

हापुड़।
दिल्ली रोड स्थित गांव सबली निवासी पिछले कई वर्षों से पीडि़त किसान नूतन प्रकाश त्यागी प्रकरण मुख्यमंत्री योगी के दरबार में पहुंचने से उसके समाधान होने की आश जगी है। मेरठ हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद अरुण गोविल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर प्रकरण की समीक्षा कर पीडि़त किसान को छह प्रतिशत आवासी भूखंड का आवंटन करने के लिए हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण को निर्देश देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गये पत्र में सांसद अरुण गोविल ने बताया कि हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा आनंद विहार आवासी योजना 2008 हेतु पीडि़त किसान नूतन प्रकाश त्यागी की पैतृक भूमि खसरा संख्या 702 व 706 के अधिग्रहण से सम्बंधित व अन्य भूमि खसरा संख्या 669-670 पर आवंटन कर दिया गया था,शेष दो खसरों पर प्राधिकरण द्वारा करीब डेढ़ दशक से भूखंड लंबित है।
पीडि़त किसान द्वारा अनेक बार अपर जिलाधिकारी भूज अर्जन,गाजियाबाद,हापुड़ व हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई गयी। अब यह प्रकरण राज्य मानवाधिकार आयोग में चल रहा है। जहां समझौते के निर्देश दिये गये थे,लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला है।
उन्होंने सीएम से आग्रह करते हुए कहा कि पीडि़त किसान नूतन प्रकाश त्यागी प्रकरण पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष को छह प्रतिशत विकसित आवासीय भूखंड आवंटन करने के निर्देश दिये जायें।












