किसान के खाते से उड़ाए 2.14 लाख रुपए , एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के संयुक्त खाते से 2.14 लाख रुपए उड़ा दिए। कोर्ट के आदेश पर मैनेजर व बैंककर्मियों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबूगढ़ के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी किसान करन सिंह ने बताया कि उनका और उनकी भाभी शशी देवी का प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बाबूगढ़ शाखा में एक संयुक्त बचत खाता है। इस खाते में कुल 2 लाख 42 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा थी। खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर भी करन सिंह का ही था। 17 मार्च 2025 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि उनके खाते से 2,14,522 रुपए डेबिट हुए हैं। यह देखकर करन सिंह हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने या उनकी भाभी ने कोई पैसा नहीं निकाला था। चेकबुक भी उनके पास ही सुरक्षित थी और उन्होंने किसी को कोई चेक नहीं दिया था। पैसे गायब होने के तुरंत बाद, करन सिंह बैंक पहुंचे और शाखा प्रबंधक राहुल को पूरी घटना बताई।
हालांकि, प्रबंधक ने उनकी शिकायत लिखने से इनकार कर दिया। इसके बाद करन सिंह कोर्ट के आदेश पर बैंक मैनेजर और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है












