न्यायालय कक्ष और चेंबर का वीडियो बनाकर किया वायरल, इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक सहित तीन पर एफआईआर दर्ज

न्यायालय कक्ष और चेंबर का वीडियो बनाकर किया वायरल, इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक सहित तीन पर एफआईआर दर्ज
हापुड़। जनपद न्यायालय परिसर की गरिमा को ठेस पहुंचाने के मामले में हापुड़ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर न्यायालय कक्ष और पीठासीन अधिकारी के चेंबर की वीडियो बनाकर उसे भ्रामक टैगलाइन के साथ इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के पेशकार अरुण कुमार ने तहरीर दी थी। तहरीर में कहा गया कि न्यायालय कक्ष, आंतरिक परिसर और पीठासीन अधिकारी के चेंबर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर वीडियोग्राफी की गई। इसके बाद वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया गया।
पेशकार ने बताया कि इससे न्यायालय की गोपनीयता भंग हुई और न्यायिक प्रक्रिया की संवेदनशीलता प्रभावित हुई। वीडियो वायरल होते ही न्यायालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने पेशकार की तहरीर के आधार पर इंस्टाग्राम अकाउंट “विजय डोगर” के संचालक और 2 अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि न्यायालय परिसर में बिना अनुमति वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी प्रतिबंधित है। इसके बावजूद आरोपियों ने नियमों का उल्लंघन कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान की जा रही है।















