NH-9 पर कार की टक्कर से बाइक गिरी, महिला की मौत, पति गंभीर

NH-9 पर कार की टक्कर से बाइक गिरी, महिला की मौत, पति गंभीर
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली से गढ़मुक्तेश्वर जा रहा दंपती कुचेसर रोड चौपला बाइपास के पास शाहपुर जट्ट स्थित बिस्मिल्लाह ढाबे के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को साइड मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में बाइक पर सवार अमरोहा के थाना गजरौला क्षेत्र के मोहल्ला सुल्ताननगर निवासी राजकुमार और उसकी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने महिला कुसुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल राजकुमार का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















