हापुड़: रेलवे रोड पर पान की दुकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

हापुड़: रेलवे रोड पर पान की दुकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
केशव पान भंडार से 70 हजार नकद और 2 लाख का सामान ले उड़े बदमाश; रात्रि गश्त पर उठे सवाल
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त रेलवे रोड पर चोरों ने पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। श्रीनगर के बाहर स्थित केशव पान भंडार के ताले तोड़कर बदमाश 70 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
तड़के 3 बजे दिया वारदात को अंजाम
राधापुरी कॉलोनी निवासी दुकान स्वामी नरेंद्र गोयल ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 3 बजे चोरों ने शटर के ताले तोड़े और दुकान में घुस गए। बदमाश गल्ले में रखे 70 हजार रुपये नकद और सिगरेट, गुटखा समेत करीब दो लाख रुपये का कीमती सामान समेटकर ले गए। सुबह जब नरेंद्र दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। दोनों ने चेहरा ढक रखा था। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाशों ने महज 10 मिनट में पूरी चोरी की और आराम से फरार हो गए।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल
रेलवे रोड शहर का सबसे व्यस्त इलाका है। यहां रातभर पुलिस गश्त का दावा किया जाता है। बावजूद इसके मुख्य रोड पर इतनी बड़ी चोरी हो गई। व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारी नेता का कहना है कि अगर मुख्य मार्ग पर चोरी हो सकती है तो गलियों का क्या हाल होगा। पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों में है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। आसपास के कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।











