पैसे मांगने पर दुकान पर बैठी युवती से छेड़छाड़, विरोध पर घर में घुसकर परिवार से मारपीट

पैसे मांगने पर दुकान पर बैठी युवती से छेड़छाड़, विरोध पर घर में घुसकर परिवार से मारपीट
आरोपी निक्की समेत 6 लोगों पर मुकदमा; लाठी-सरिया-चाकू से हमला, गल्ले से 2700 रुपये भी लूटे
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एक मोहल्ले में दुकान पर बैठी युवती से पैसे मांगने पर मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी युवक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 जून की रात उनकी पुत्री परचून की दुकान पर बैठी थी। तभी पड़ोसी निक्की सामान लेने आया। युवती के पैसे मांगने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, अश्लील हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया।
शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और गल्ले से 2700 रुपये लूटकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण परिवार ने दुकान और घर का दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद निक्की अपने भाई बादल, माता कमलेश, अर्जुन और दो अज्ञात लोगों के साथ लाठी, सरिया, चाकू और ईंट लेकर पहुंचा। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर पूरे परिवार से मारपीट की और घायल कर दिया।
पीड़ित की तहरीर पर थाना हापुड़ देहात पुलिस ने निक्की, बादल, कमलेश, अर्जुन और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।











