आवारा कुत्ते ने मासूम बच्ची पर किया हमला, इलाके में दहशत

आवारा कुत्ते ने मासूम बच्ची पर किया हमला, इलाके में दहशत
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के धर्म कांटा वाली गली में बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने 14 वर्षीय किशोरी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। घायल किशोरी को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि किशोरी किसी काम से घर से बाहर निकली थी। तभी गली में घूम रहे आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और काट लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया। इसके बाद परिजन और मोहल्लेवासी उसे तुरंत अस्पताल ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों, बंदरों और अन्य जानवरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जिस कुत्ते ने किशोरी पर हमला किया, वह पहले भी कई लोगों को काट चुका है।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।











