किराए के कमरे में खिड़की से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी

किराए के कमरे में खिड़की से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी
हापुड़।कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला राजीव विहार में शनिवार को एक 18 वर्षीय युवक का शव कमरे की खिड़की से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान गौतम (18) पुत्र मूलचंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर दमी का रहने वाला था। गौतम पिछले कई महीनों से हापुड़ के राजीव विहार में किराए का कमरा लेकर रह रहा था और पास की फर्नीचर की दुकान पर बढ़ई का काम करता था
सुबह से ही गौतम अपने कमरे में था और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। दोपहर और शाम तक दरवाजा न खुलने और अंदर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने कटर से कब्जे काटकर गेट खोला। अंदर गौतम का शव खिड़की के सहारे गले में फंदा लगाकर लटका हुआ मिला।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। सभी एंगल से जांच की जा रही है।











